धनबाद मेयर संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ी, चेस्ट इंफेक्शन के बाद अस्पताल में भर्ती

धनबाद मेयर संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ी, चेस्ट इंफेक्शन के बाद अस्पताल में भर्ती

धनबाद: धनबाद के मेयर संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने उन्हें पांडरपाला स्थित एसजेएएस अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत थी, जिसके कारण सीने में दर्द समेत अन्य परेशानियां हो रही थीं।

अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनकी आवश्यक जांच की गई और उपचार शुरू किया गया। इस दौरान उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ बताया गया। उपचार के बाद देर शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल वह अपने घर पर आराम कर रहे हैं और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उनका इलाज जारी रहेगा।

रविवार देर रात शुरू हुआ था सीने में दर्द

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात संजीव सिंह को सीने में दर्द की शिकायत शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने सरायढेला स्थित एक डायग्नोस्टिक केंद्र में जांच भी कराई थी।

हालांकि, दर्द से राहत नहीं मिलने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने चेस्ट इंफेक्शन की जानकारी दी और उपचार शुरू किया।

अस्पताल में परिजन और समर्थक रहे मौजूद

संजीव सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके परिजन पूरे समय मौजूद रहे। उनके भाई सिद्धार्थ गौतम, बहन किरण सिंह समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे।

दोपहर में झरिया विधायक एवं उनकी पत्नी रागिनी सिंह भी अस्पताल पहुंचीं और उनका हालचाल जाना।

छुट्टी मिलने के बाद समर्थकों ने ली राहत की सांस

मेयर के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक अस्पताल परिसर पहुंचने लगे। इससे अस्पताल के बाहर दिनभर लोगों की मौजूदगी रही।

हालांकि, देर शाम उपचार के बाद संजीव सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली। फिलहाल वह घर पर आराम कर रहे हैं और उनका इलाज जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *