धनबाद: धनबाद एवं झारखंड के लाखों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही धनबाद–दिल्ली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा सीधी रेल सेवा की मांग एक बार फिर संसद में गूंजी। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में नियम 377 के तहत इस मुद्दे को उठाते हुए रेल मंत्रालय से धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन को नियमित सुपरफास्ट सेवा के रूप में संचालित करने और उसे श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित करने का आग्रह किया।
पहले भी संसद में उठा चुके हैं मुद्दा
सांसद ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने 4 फरवरी 2026 को लोकसभा के अतारांकित प्रश्न संख्या 750 के माध्यम से यह विषय उठाया था। रेल मंत्रालय की ओर से कोलकाता–जम्मू तवी एक्सप्रेस और सियालदह–जम्मू तवी हमसफर एक्सप्रेस का उल्लेख किया गया था, लेकिन इन ट्रेनों में धनबाद, गोमो, पारसनाथ और कोडरमा के यात्रियों के लिए सीमित आरएलडब्ल्यूएल (RLWL) कोटा होने के कारण यात्रियों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाती।
नियमित सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि वर्तमान में संचालित 03309/10 धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि इस ट्रेन को नियमित सुपरफास्ट सेवा का दर्जा दिया जाए और इसे श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक बढ़ाया जाए।
लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
सांसद के अनुसार, यदि ट्रेन का विस्तार कटरा तक किया जाता है तो झारखंड और बिहार के लाखों श्रद्धालुओं को सीधी, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन धनबाद से वर्तमान समय पर रवाना होकर अगले दिन सुबह नई दिल्ली और दोपहर तक श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचे।
उन्होंने कहा कि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस मांग को वे संसद से लेकर रेल मंत्रालय तक लगातार उठाते रहेंगे।

