धनबाद, 15 अक्टूबर 2026। झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) के प्रबंध पर्षद की बैठक में बेलगड़िया टाउनशिप के विकास, विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े 61 से अधिक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त सह जेआरडीए के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में हुई बैठक में आवास की कमियां दूर करने, पेयजल, सीवरेज, बिजली, रोजगार, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बेलगड़िया के आवासों में मौजूद कमियों और निर्माण दोषों को दूर करने के लिए संबंधित संवेदक को एक महीने का समय दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने पर संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
61 से अधिक प्रस्तावों पर हुई चर्चा
बैठक में संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत चल रही योजनाओं, विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, आधारभूत संरचना, कौशल विकास और वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट और 30 सितंबर 2026 तक के फंड उपयोग तथा शेष राशि को भी अनुमोदन के लिए रखा गया।
प्रबंध पर्षद ने बेलगड़िया टाउनशिप में विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
सीवरेज, पेयजल और सौर ऊर्जा पर फोकस
बेलगड़िया में आधुनिक एसबीआर तकनीक पर आधारित 5.2 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, टर्शियरी ट्रीटमेंट और सीवर नेटवर्क के लिए डीपीआर तथा टेंडर दस्तावेजों पर चर्चा हुई। दामोदर नदी से बेलगड़िया तक जलापूर्ति परियोजना में करमाटांड़ पुनर्वास टाउनशिप को शामिल कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
बैठक में फेज-1 की 2,352 आवासीय इकाइयों में लगे रूफटॉप सोलर से ग्रिड को बिजली आपूर्ति, नए विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण और 500 सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
स्थानीय युवाओं के रोजगार और कौशल विकास की योजना
बेलगड़िया में जेआरडीए के सिविल कार्यों में कम से कम 20 प्रतिशत स्थानीय अकुशल श्रमिकों को अनिवार्य रूप से रोजगार देने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। युवाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम और मेगा स्किल सेंटर के पांच ब्लॉकों के उपयोग पर भी चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त पोल्ट्री फार्मिंग, सर्कुलर हैचरी के माध्यम से मत्स्य पालन और व्यावसायिक डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा देने के प्रस्ताव रखे गए। सामुदायिक संस्थाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए बाहरी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आवास, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं की समीक्षा
प्रबंध पर्षद की बैठक में बेलगड़िया के फेज-4 के आवासों की कमियां दूर कर उन्हें रहने योग्य बनाने और फेज-5 के निर्माण कार्यों की समय-सीमा निर्धारित करने पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य उपकेंद्र के संचालन के लिए चिकित्सा पदाधिकारी और स्टाफ नर्स की नियुक्ति, दवाओं तथा उपकरणों की उपलब्धता जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
विस्थापित परिवारों के आवागमन को आसान बनाने के लिए मौजूदा दो इलेक्ट्रिक बसों के अतिरिक्त 40 सीटों वाली एक नई इलेक्ट्रिक बस खरीदने और स्कूली बच्चों के लिए दो स्कूल वैन किराये पर लेने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
एक माह में खामियां दूर करने का निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित संवेदक को आवासों की कमियां और निर्माण दोष दूर करने के लिए एक महीने की समय-सीमा देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर संवेदक को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।
उन्होंने बेलगड़िया में गेस्ट हाउस और स्टेडियम निर्माण, इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम के तहत आवंटित आवासों में प्रभावित परिवारों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज करने तथा डेयरी फार्म के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों और कार्य एजेंसियों से सभी विकास एवं पुनर्वास कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया।
बैठक में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, झरिया मास्टर प्लान के महाप्रबंधक राजीव चोपड़ा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम तथा जेबीवीएनएल, सीएमपीडीआईएल, बीसीसीएल और जेआरडीए के अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जिला जनसंपर्क कार्यालय, धनबाद | प्रेस विज्ञप्ति संख्या 1297 | 15 अक्टूबर 2026
