धनबाद के सभी बैंकों में पुलिस की औचक सुरक्षा जांच, CCTV से स्ट्रांग रूम तक हुआ निरीक्षण

धनबाद के सभी बैंकों में पुलिस की औचक सुरक्षा जांच, CCTV से स्ट्रांग रूम तक हुआ निरीक्षण

धनबाद: जिले में बैंक सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद पुलिस ने व्यापक औचक जांच अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

CCTV, अलार्म सिस्टम और स्ट्रांग रूम की हुई जांच

संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वार, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही बैंक परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने का निर्देश दिया।

संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, पार्किंग व्यवस्था की भी जांच

अभियान के दौरान बैंक आने वाले लोगों की पहचान का सत्यापन किया गया। बैंक परिसर और उसके आसपास अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। इसके अलावा सुरक्षा के मद्देनज़र बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने किसी भी वाहन को पार्क नहीं करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी आपात स्थिति में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की आवाजाही बाधित न हो।

साइबर ठगी से बचाव को लेकर ग्राहकों को किया जागरूक

पुलिस ने बैंक ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे अपना एटीएम पिन, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय बैंकिंग विवरण किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही बड़ी राशि के लेन-देन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

एसएसपी बोले- बैंक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बैंक आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बैंक डकैती, लूट, चोरी, साइबर ठगी और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे औचक सुरक्षा जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *