BCCL-INMOSSA वार्ता में 10 मांगों पर सहमति, 400 से अधिक माइनिंग सरदार-ओवरमैन की बहाली पर सकारात्मक रुख

BCCL-INMOSSA वार्ता में 10 मांगों पर सहमति, 400 से अधिक माइनिंग सरदार-ओवरमैन की बहाली पर सकारात्मक रुख

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में माइनिंग सुपरवाइजरी स्टाफ से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर INMOSSA प्रतिनिधिमंडल और कंपनी प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। कोयला भवन स्थित निदेशक (मानव संसाधन) के कार्यालय में हुई इस वार्ता में संगठन की ओर से रखे गए 16 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

INMOSSA के अनुसार, बैठक में 10 मांगों पर प्रबंधन की सहमति बनी, जबकि अन्य छह मांगों पर विचार करने के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया। बैठक में कर्मचारियों की पदोन्नति, रिक्त पदों पर बहाली, आवास, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा प्रशिक्षण और कार्यस्थल से जुड़े कई मुद्दे शामिल रहे।

नवंबर 2023 से लंबित प्रोन्नति पर सकारात्मक चर्चा

बैठक में माइनिंग सरदार से ओवरमैन पद पर नवंबर 2023 से लंबित प्रोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के मुताबिक, इस मामले में प्रबंधन की ओर से सकारात्मक रुख सामने आया।

इसके अलावा BCCL में 400 से अधिक नए ओवरमैन और माइनिंग सरदारों की बहाली के मुद्दे पर भी सहमति बनने की बात कही गई। संगठन ने इसे खदानों में सुपरवाइजरी मैनपावर की कमी को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

माइनिंग स्टाफ के लिए चिकित्सा और आवास सुविधाओं पर जोर

INMOSSA ने माइनिंग स्टाफ और उनके आश्रितों के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल में अलग केबिन उपलब्ध कराने की मांग रखी। संगठन के अनुसार, इस मांग पर भी प्रबंधन की ओर से सकारात्मक सहमति मिली।

इमरजेंसी और गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारियों या उनके आश्रितों को बेहतर अस्पताल में रेफर करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होने देने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

इसके अलावा अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले माइनिंग स्टाफ को कोयला नगर अथवा कार्मिक नगर में आवास उपलब्ध कराने की मांग पर भी प्रबंधन ने सकारात्मक रुख दिखाया।

सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के प्रशिक्षण पर बनी सहमति

बैठक में खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। INMOSSA की ओर से रेस्क्यू प्रशिक्षित माइनिंग स्टाफ को NDRF की तकनीक और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

साथ ही अन्य माइनिंग कर्मचारियों को आधुनिक खनन तकनीक, सुरक्षा उपायों, नई मशीनरी और बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर भी सहमति की बात कही गई।

संगठन का कहना है कि नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के साथ सुरक्षित उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

हर दो महीने में प्रबंधन के साथ बैठक का प्रस्ताव

एरिया स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर दो महीने में महाप्रबंधक (औद्योगिक संबंध) के साथ बैठक आयोजित करने की मांग पर भी सकारात्मक सहमति बनी।

इसके अलावा प्रत्येक एरिया में ‘कोल नीर’ की आपूर्ति सुनिश्चित करने के मुद्दे पर भी प्रबंधन की ओर से सहमति जताए जाने की जानकारी दी गई।

INMOSSA के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी कुश कुमार सिंह ने कहा कि संगठन आगे भी प्रबंधन के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के माध्यम से माइनिंग कर्मियों से जुड़े मुद्दों को उठाता रहेगा। उन्होंने बैठक में कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए BCCL प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

बैठक में BCCL के मानव संसाधन और औद्योगिक संबंध विभाग के अधिकारियों के साथ INMOSSA के कई पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *