नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के लिए शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। टीम की लगातार खराब फील्डिंग को देखते हुए बोर्ड ने पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया।
शुभदीप घोष को मिली नई जिम्मेदारी
57 वर्षीय शुभदीप घोष असम के रहने वाले हैं और असम व रेलवे की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं। उनके पास कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह भारतीय सीनियर महिला टीम, अंडर-19 टीम और 2023 एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाली भारतीय पुरुष टीम के साथ भी काम कर चुके हैं। हाल ही में वह जिम्बाब्वे दौरे पर भी भारतीय टीम के साथ थे।
खराब फील्डिंग बनी चिंता
पिछले कुछ समय से टीम इंडिया की फील्डिंग पर लगातार सवाल उठ रहे थे। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय खिलाड़ियों ने कई आसान कैच छोड़े, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में जो रूट का कैच छूटने के बाद उन्होंने नाबाद 99 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। यूके दौरे पर भारत को टी20 और वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा, जिसमें खराब फील्डिंग भी एक बड़ी वजह मानी गई। अब बीसीसीआई को उम्मीद है कि शुभदीप घोष के आने से टीम इंडिया की फील्डिंग में सुधार देखने को मिलेगा।
टी दिलीप के अलावा असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने भी भारतीय टीम का साथ छोड़ने का फैसला किया है। वे 2024 से टीम इंडिया के साथ जुड़े हुए थे। उन्हें फील्डिंग कोच के तौर पर टीम में शामिल किया जाना था लेकिन टी दिलीप की वजह से उन्हें असिस्टेंट कोच बनाया गया। दो सालों तक उनकी भूमिका को लेकर कुछ भी स्पष्टता नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने टीम का साथ छोड़ने का फैसला कर लिया। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबकि ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़ सकते हैं।
बता दें कि भारत को अगला दौरा श्रीलंका का करना है, जहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस दौरे की शुरुआत 15 अगस्त से होगी। शुभदीप घोष के टीम के साथ जुड़ने के बाद उम्मीद की जा रही है कि टीम के फील्डिंग में सुधार देखने को मिलेगा।

