धनबाद/बलियापुर: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। बीबीएम कॉलेज के समीप तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बिपुल कुमार महतो की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान निरसा के डुमरिया आखबेड़िया निवासी बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है।
सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकराई बाइक
जानकारी के अनुसार, बिपुल कुमार महतो बाइक से बलियापुर से सिंदरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीबीएम कॉलेज के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाईवा किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ा था।
भारी वाहनों की पार्किंग पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, प्रमुख स्थानों पर स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने और नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

