धनबाद/सिंदरी: महान क्रांतिकारी, पूर्व सांसद और मजदूर-किसानों के नेता रहे कामरेड ए.के. राय की पुण्यतिथि पर मंगलवार को सिंदरी स्थित पीडीआईएल गेट के समीप उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण पूर्व विधायक आनंद महतो ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
विशाल बाइक जुलूस के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में जय हिंद मोड़ बिरसा समिति से निकाले गए विशाल बाइक जुलूस के साथ हुई। जुलूस पीडीआईएल गेट स्थित प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने ए.के. राय के विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
वक्ताओं ने याद किया ए.के. राय का संघर्षमय जीवन
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने ए.के. राय के सादगीपूर्ण जीवन, मजदूरों और किसानों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष तथा जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़कर जनआंदोलनों का रास्ता चुना और सार्वजनिक जीवन में रहते हुए सादगी तथा ईमानदारी की मिसाल कायम की।
कई दलों के नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक आनंद महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जनसंघर्षों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने ए.के. राय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और मजदूरों, किसानों तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सिंदरी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।

