धनबाद: श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद रेल मंडल ने विशेष सहायता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत धनबाद, चंद्रपुरा और बरकाकाना रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
यात्रियों को दी जा रही हर जरूरी जानकारी
अभियान के दौरान यात्रियों को उनके गंतव्य के अनुसार प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की जानकारी, टिकट संबंधी मार्गदर्शन तथा स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। जरूरतमंद यात्रियों को अन्य आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि उनकी यात्रा सुगमता से पूरी हो सके।
स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति भी किया जा रहा जागरूक
रेलवे कर्मचारियों द्वारा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और अनुशासित तरीके से यात्रा करने, स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। इससे यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिल रही है।
स्टेशनों पर बनाए गए विशेष सहायता बूथ
श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सहायता बूथ स्थापित किए हैं। इन बूथों पर मौजूद कर्मचारी यात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी कर रहे हैं।
बेहतर यात्रा अनुभव देने का प्रयास
धनबाद मंडल ने कहा है कि श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए रेलवे पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्टेशनों पर सहायता, नियमित उद्घोषणाएं, मार्गदर्शन और अन्य यात्री सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

