बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर डीपफेक कंटेंट बनाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि उनकी फोटो, वीडियो या आवाज का गलत इस्तेमाल करना गैरकानूनी है और ऐसा करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।
मृणाल ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह का कंटेंट तुरंत बनाना और शेयर करना बंद करें।
उन्होंने कहा, “मेरी फोटो या आवाज का इस्तेमाल करके डीपफेक कंटेंट बनाना और फैलाना गैरकानूनी है। अगर मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया तो मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी।”
हाल के समय में एआई (AI) की मदद से कई फिल्मी सितारों के डीपफेक वीडियो वायरल हो चुके हैं। इससे पहले अभिनेत्री रश्मिका मंदाना भी डीपफेक वीडियो का शिकार हो चुकी हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर हाल ही में वरुण धवन के साथ फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आई थीं। इससे पहले वह ‘डकैत: अ लव स्टोरी’ में अभिनेता अदिवि शेष के साथ दिखाई दी थीं।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘डकैतः अ लव स्टोरी’ से पहले वह सिद्धांत चतुर्देवी के साथ ‘दो दीवाने सहर में’ नजर आई थीं। ये फिल्म मुंबई शहर में रहने वाले दो ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आत्म-संदेह, सामाजिक दबाव और असुरक्षा से जूझते हुए एक-दूसरे में प्यार और अपनापन पाते हैं।
मृणाल की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो अब वह ‘पूजा मेरी जान’ और अल्लू अर्जुन स्टारर ‘राका’ में नजर आएंगी। एटली कुमार द्वारा निर्देशित ‘राका’ में दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में हैं। पिछले दिनों ही फिल्म से अल्लू अर्जुन का फर्स्ट लुक जारी किया गया था।

