धनबाद/झरिया: मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की ओर से आयोजित “सावन मेला 2026” का भव्य शुभारंभ रविवार को श्री अग्रवाल धर्मशाला (न्यू कॉम्प्लेक्स), झरिया में उत्साह और उल्लास के बीच हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मारवाड़ी महिला समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष किरण गोयनका ने फीता काटकर किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मनोवैज्ञानिक प्रगति प्रसाद, मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश देवरालिया, राजकुमार अग्रवाल, अरुणा भगानिया, शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा, कार्यक्रम संयोजक ज्योति अग्रवाल और सह-संयोजक निक्की अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मानसिक स्वास्थ्य और रिश्तों पर दिया विशेष संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रगति प्रसाद ने कहा कि सावन केवल प्रकृति की हरियाली का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों और मन को भी नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में ऐसे सामाजिक और पारिवारिक आयोजन मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। परिवार और समाज के साथ समय बिताने से तनाव कम होता है, सकारात्मक सोच विकसित होती है और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। मेले में राखी, उपहार सामग्री, गेम्स, हैम्पर्स और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
महिलाओं के लिए निःशुल्क मेहंदी और हरी चूड़ियां पहनाने की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में महिलाओं ने लाभ उठाया। वहीं भूमि अग्रवाल ने बच्चों के लिए क्राफ्ट कार्यशाला आयोजित कर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा।
नमिता दास बनीं सावन क्वीन
मेले के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में नमिता दास को सावन क्वीन चुना गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ज़ाहिदा परवीन और कोमल जैसवाल ने निभाई।
कार्यक्रम का संचालन निक्की अग्रवाल और खुशबू अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विनोद कसाट, विवेक लिल्हा, विशाल पलसानिया, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, सचिव सनी अग्रवाल, उपाध्यक्ष नीतू नोटाका, चंदन पटवारी, मयंक केजरीवाल, हितेन शर्मा, हर्ष अग्रवाल, गौतम अग्रवाल, अंकित तुलस्यान, नेहा मित्तल, पिंकी अग्रवाल, अनूप मित्तल सहित बड़ी संख्या में सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

