धनबाद/सिंदरी: नारी सेवा संघ संस्था की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन उत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। रविवार शाम उमा शर्मा के आई.एम. टाइप क्वार्टर संख्या 61/62 स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष रंजना शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना, बेटियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सावन का पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने, स्वच्छता अपनाने और पेड़-पौधों के संरक्षण का संदेश भी देता है।
पर्यावरण और प्राकृतिक उपचार पर दिया गया जोर
संस्था की उपाध्यक्ष अनीता श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक उपचार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने समाज में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही महिला सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई उत्सव की रौनक
सावन उत्सव के दौरान महिलाओं और बच्चियों ने नृत्य, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उत्सव का माहौल देखने को मिला और सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक सावन उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर सोनी गुप्ता और चिंता दास को पेड़-पौधों के संरक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सम्पा शील, मीनू सिंह, प्रतिमा गोप, बबीता गोप, सोनी सिंह, अल्पी तिवारी, सुप्रिया, उषा सिंह, किरण देवी, पूनम सिन्हा और सरस्वती देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन उमा शर्मा ने किया।
(NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट)
