Dhanbad News: टुंडी और गोविंदपुर CHC में शुरू हुआ KMC कॉर्नर, नवजातों की देखभाल होगी और बेहतर

Dhanbad News: टुंडी और गोविंदपुर CHC में शुरू हुआ KMC कॉर्नर, नवजातों की देखभाल होगी और बेहतर

धनबाद: जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टुंडी और गोविंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कंगारू मदर केयर (KMC) कॉर्नर का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो और उपायुक्त आदित्य रंजन ने संयुक्त रूप से किया।

कम वजन वाले नवजातों को मिलेगा विशेष लाभ

गोविंदपुर सीएचसी में दो बेड और टुंडी सीएचसी में चार बेड वाले KMC कॉर्नर तैयार किए गए हैं। यह सुविधा विशेष रूप से कम जन्म वजन (LBW) और अत्यंत कम जन्म वजन (VLBW) वाले नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए विकसित की गई है।

कंगारू मदर केयर पद्धति के तहत मां अपने नवजात शिशु को त्वचा से त्वचा के संपर्क (Skin-to-Skin Contact) में अपने सीने से लगाए रखती है। इससे शिशु को आवश्यक गर्माहट, बेहतर पोषण और सुरक्षित वातावरण मिलता है, जिससे उसके शारीरिक विकास में सहायता मिलती है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नवजात मृत्यु दर और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम करना, स्तनपान को बढ़ावा देना तथा मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत बनाना है। साथ ही बीमार और कमजोर नवजातों की देखभाल भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

टीबी मरीजों को पोषण किट, ऑपरेशन थिएटर का भी उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान गोविंदपुर और टुंडी सीएचसी में बैंक ऑफ इंडिया के CSR फंड की सहायता से 172 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरित की गई। इसके अलावा टुंडी सीएचसी में तीन बेड वाले नए ऑपरेशन थिएटर का भी उद्घाटन किया गया।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा

जिला प्रशासन का मानना है कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में KMC कॉर्नर की स्थापना से नवजातों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और देखभाल मिलेगी। यह पहल सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *