धनबाद: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं धनबाद के पूर्व विधायक मन्नान मल्लिक को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इससे पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शोक संतप्त परिवार से मिलकर जताई संवेदना
उपायुक्त आदित्य रंजन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक का मंगलवार सुबह रांची के पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बुधवार को धनबाद के शमशेर नगर कब्रिस्तान में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
अंतिम विदाई में उमड़े लोग
अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से अपने प्रिय जननेता को अंतिम विदाई दी।

