Bihar News: बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई, भागलपुर में बनेगा AI एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय

Bihar News: बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई, भागलपुर में बनेगा AI एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय

पटना: बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से इस पहल की शुरुआत की। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य प्रत्येक प्रखंड तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है।

प्रत्येक प्रखंड तक पहुंचेगी उच्च शिक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे बिहार के शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

भागलपुर में बनेगा AI एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय और सेतु पर भी बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए करीब 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

भागलपुर में औद्योगिक क्षेत्र और गंगा मरीन ड्राइव

मुख्यमंत्री ने बताया कि भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। कहलगांव स्थित बटेश्वरधाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का भी निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीरपैंती में 2400 मेगावाट बिजली परियोजना स्थापित की जा रही है, जिसकी क्षमता आगे बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना में लगभग 70 हजार करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है।

महिलाओं, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा चुकी है और शेष पात्र महिलाओं को 25 जुलाई तक भुगतान कर दिया जाएगा।

उन्होंने कानून व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही घोषणा की कि 15 अगस्त से सरकारी डॉक्टर बिना उचित कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर नहीं कर सकेंगे। ऐसा करने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवस्थापित कॉलेज का निरीक्षण किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

NEWS ANP के लिए पटना से एस आलम की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *