धनबाद: जिले में रविवार, 19 जुलाई 2026 को झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 का आयोजन 78 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर न्यू टाउन हॉल में सभी दंडाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दंडाधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने सभी दंडाधिकारियों को परीक्षा से दो दिन पहले सभी तैयारियां पूरी करने और समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पेयजल, बिजली, साइन बोर्ड, सीटिंग प्लान सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी और प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी। फर्जी परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। साथ ही परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के शौचालय एवं अन्य स्थानों की भी जांच की जाएगी।
परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित होगी—
- प्रथम शिफ्ट: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
- द्वितीय शिफ्ट: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
- तृतीय शिफ्ट: दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
परीक्षा में लगभग 29,952 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के लिए 78 स्टैटिक दंडाधिकारी, 43 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 9 फ्लाइंग स्क्वायड और 105 ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी और सभी केंद्रों पर मोबाइल फोन जैमर भी लगाए जाएंगे।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, अपर नगर आयुक्त संजीव अनुराग टोपनो, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, घनश्याम दुबे, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

