धनबाद में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहने ठगे, पुलिस जांच में जुटी

धनबाद में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहने ठगे, पुलिस जांच में जुटी

धनबाद। धनबाद सदर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। बिसनपुर नाला के समीप रहने वाली 70 वर्षीय राजकुमारी देवी से अज्ञात ठगों ने झांसा देकर लाखों रुपये के सोने के गहने ठग लिए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घर की परेशानी दूर करने का दिया झांसा

जानकारी के अनुसार, राजकुमारी देवी के पास काले कपड़े और हरे गमछे में आए कुछ लोगों ने खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताकर घर की समस्याओं से छुटकारा दिलाने का दावा किया। उनकी बातों में आने के बाद महिला ने उन पर भरोसा कर लिया।

गहने गमछे में रखवाकर फरार हुए ठग

ठगों ने महिला से कान के सोने के झुमके, गले का सोने का लॉकेट और हाथ के कंगन उतारकर एक गमछे में रखने को कहा। इसके बाद उन्होंने महिला से 51 कदम पीछे चलने के लिए कहा। जैसे ही महिला उनके बताए अनुसार पीछे चलीं, आरोपी गहनों से भरा गमछा लेकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

स्थानीय लोगों ने गिरफ्तारी की मांग की

घटना के बाद बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी के ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं और तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर धन या आभूषण सौंपने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *