धनबाद: समाज कल्याण निदेशालय द्वारा गठित निरीक्षण टीम का दो दिवसीय धनबाद दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान टीम ने जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों तथा को-लोकेशन मॉडल के तहत संचालित केंद्रों की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।
मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बाबूडीह का किया निरीक्षण
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र, बाबूडीह से की गई। यहां टीम ने बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तथा ईसीसीई गतिविधियों का विस्तार से अवलोकन किया। टीम ने केंद्र पर संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र में समन्वय पर दिया जोर
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय, नूतनडीह परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी सेविका और विद्यालय के प्रधानाध्यापक को बेहतर समन्वय स्थापित कर दोनों संस्थानों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और पोषण सेवाएं मिल सकें।
खेल-आधारित शिक्षण और नवाचारों की हुई सराहना
निरीक्षण के अंतिम चरण में इंदिरा आवास कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया गया। यहां नो-कॉस्ट और लो-कॉस्ट नवाचारों के माध्यम से संचालित ईसीसीई गतिविधियों तथा खेल-आधारित शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया गया। टीम ने केंद्र की कार्यप्रणाली और बच्चों को सीखाने के अभिनव तरीकों की सराहना करते हुए इस मॉडल को निरंतर बनाए रखने का सुझाव दिया।
डीएमएफटी टीम भी रही मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीएमएफटी (DMFT) टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता में सुधार, बच्चों के सर्वांगीण विकास और प्रारंभिक शिक्षा प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना है।

