धनबाद: झरिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक रागिनी सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंदुआ गैस रिसाव, बंद पड़े मुख्य मार्ग, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, बीसीसीएल की कार्यप्रणाली, विस्थापन और झरिया-बलियापुर सड़क की बदहाल स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
केंदुआ गैस रिसाव और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा पर जोर
मुलाकात के दौरान विधायक ने केंदुआ क्षेत्र में गैस रिसाव की घटना को गंभीर बताते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही लंबे समय से बंद पड़े केंदुआ मुख्य मार्ग को जल्द चालू कराने की आवश्यकता भी बताई।
बीसीसीएल की कार्यप्रणाली और विस्थापन का मुद्दा उठाया
रागिनी सिंह ने भौरा, लोदना, जयरामपुर सहित अन्य कोयला खनन क्षेत्रों में बीसीसीएल की कार्यप्रणाली पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बिना पूर्व सूचना सड़कें काटी जाती हैं और बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों के कारण कई परिवारों के घरों और बस्तियों पर खतरा बढ़ रहा है, जिससे लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास और उचित मुआवजे की भी मांग की।
44 करोड़ की झरिया-बलियापुर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
बैठक में विधायक ने लगभग 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित झरिया-बलियापुर सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
उपायुक्त ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा कि केंदुआ गैस रिसाव, सड़क बहाली, पुनर्वास, बीसीसीएल से जुड़े मामलों और झरिया-बलियापुर सड़क की स्थिति पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनता के हितों के लिए प्रयास जारी रहेगा: रागिनी सिंह
मुलाकात के बाद विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, सम्मानजनक पुनर्वास और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाता रहेगा और क्षेत्रवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

