सिंदरी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर होगा प्रदेश स्तरीय आयोजन, तैयारियों को लेकर झरिया में भाजपा की अहम बैठक

सिंदरी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर होगा प्रदेश स्तरीय आयोजन, तैयारियों को लेकर झरिया में भाजपा की अहम बैठक

झरिया: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे देशव्यापी कार्यक्रमों के तहत सिंदरी में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को झरिया स्थित बिहार बिल्डिंग कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झरिया विधायक रागिनी सिंह ने की।

बैठक में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनता श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सिंदरी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा, आमजन की अधिकतम भागीदारी, केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, विधानसभा स्तर पर चल रहे SIR (Special Intensive Revision) अभियान तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे।

’12 वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल कीं’

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 सफल वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचारों को भी जन-जन तक पहुंचाएं।

SIR अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

रागिनी सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र नागरिक की जानकारी और दस्तावेज सही तरीके से दर्ज हों, ताकि अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

बैठक के अंत में सिंदरी में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में भाजपा एवं जनता श्रमिक संघ के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *