झरिया: झरिया विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विधायक रागिनी सिंह ने सोमवार को कई विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने झरिया 4 नंबर बस स्टैंड के समीप हेटलीबांध क्षेत्र में नए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। इसके अलावा कोईरीबांध, बर्फकल और चंडी मंदिर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नए पेयजल कनेक्शन कार्य की भी शुरुआत की गई।
हेटलीबांध क्षेत्र के लोग लंबे समय से लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे थे। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
वहीं कोईरीबांध, बर्फकल और चंडी मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था। इस समस्या के समाधान के लिए नए पेयजल कनेक्शन कार्य की शुरुआत की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद एक हजार से अधिक लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झरिया के प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोगों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की बिजली और पेयजल व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।

