झरिया: झरिया के 4 नंबर स्थित मातृसदन अस्पताल में अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद का समाधान हो गया है। स्थानीय लोगों के आग्रह पर झरिया विधायक रागिनी सिंह अस्पताल पहुंचीं और दोनों पक्षों से अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से बातचीत कर विवाद को सुलझाने की पहल की।
विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की बात विस्तार से सुनी। इसके बाद आपसी संवाद और समन्वय के जरिए दोनों पक्षों के बीच सहमति बनवाई गई। बातचीत के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समाधान संवाद और आपसी विश्वास के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी संस्थाएं लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी होती हैं, इसलिए सभी पक्षों को सहयोग और समन्वय की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है।
विवाद का समाधान होने के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया और विधायक के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

