धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने अपने लगभग 100 वर्षों के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान पहली बार प्रतिष्ठित QS World University Ranking 2027 में शामिल हुआ है। रैंकिंग में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद को 701-710 वैश्विक रैंक बैंड में स्थान मिला है।
QS की ओर से जारी रैंकिंग में शामिल 52 भारतीय संस्थानों में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद को 21वां स्थान मिला है। वहीं देश के 13 सूचीबद्ध आईआईटी संस्थानों में यह 11वें स्थान पर रहा।
निदेशक ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि पहली बार QS World University Ranking में शामिल होना संस्थान के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों, छात्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक और शोध क्षमता को दर्शाती है।
शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मिला महत्व
संस्थान की सफलता में शोध कार्यों के प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग की अहम भूमिका रही है। QS रैंकिंग में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद को ‘Citations per Faculty’ श्रेणी में 87.3 अंक मिले हैं।
वहीं ‘International Research Network’ श्रेणी में संस्थान को 43.2 अंक और ‘Sustainability’ श्रेणी में 57.5 अंक प्राप्त हुए हैं। ये आंकड़े शोध, वैश्विक साझेदारी और सामाजिक जिम्मेदारियों के क्षेत्र में संस्थान की स्थिति को दर्शाते हैं।
दूसरे शताब्दी वर्ष में नई उपलब्धि
कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस की डीन प्रो. रजनी सिंह ने कहा कि QS रैंकिंग में स्थान मिलना संस्थान की शताब्दी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने कहा कि दूसरे शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के लिए यह उपलब्धि शिक्षा, शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
विषयवार रैंकिंग में भी रहा बेहतर प्रदर्शन
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद पहले भी विषयवार QS रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन कर चुका है। QS World University Ranking by Subject 2026 में संस्थान को Mineral and Mining Engineering में भारत में पहला और दुनिया में 21वां स्थान मिला था।
इसके अलावा Petroleum Engineering में संस्थान 151-175 वैश्विक रैंक बैंड में रहा, जबकि Mechanical Engineering पहली बार 501-575 वैश्विक रैंक बैंड में शामिल हुई।
संस्थान को QS World University Ranking: Southern Asia 2026 में भी 110वां स्थान प्राप्त हुआ था।

