जीनत अमान 70 और 80 के दशक की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार रही हैं। उन्होंने अपने दौर में अमिताभ बच्चन से लेकर शशि कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया और कई बोल्ड किरदार निभाकर रूढ़ियों को तोड़ा। जीनत अमान को उस समय की सबसे ग्लैमरस और बेबाक अभिनेत्रियों में गिना जाता था। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद उन्होंने एक बार फिर दर्शकों के बीच वापसी की है। हाल ही में वह वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ को लेकर सुर्खियों में रहीं। सोशल मीडिया पर भी जीनत अमान काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से अपने प्रशंसकों के साथ साझा करती हैं। इसी कड़ी में उन्होंने हाल ही में अपने नाम और परिवार से जुड़ी कुछ रोचक बातें बताई हैं, जिनकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।
जीनत अमान ने अपने परिवार के बारे में किया खुलासा
जीनत अमान ने एक इवेंट के दौरान बातचीत में अपने हिंदू नाम का खुलासा किया। इसी के साथ उन्होंने अपने माता-पिता और पढ़ाई के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होनें कहा कि- ‘मेरे पिता मुस्लिम थे, मेरी मां हिंदू और मैंने कैथोलिक स्कूल से पढ़ाई की है। पिता की तरफ से मेरा नाम जीनत अमान है, लेकिन मेरी मां ने मेरा नाम ललितेश्वरी रखा था। मेरी मां का नाम वर्धिनी था और वह एक धार्मिक हिंदू महिला थीं। वह रोजाना दिन में दो-चार घंटे पूजा में बिता दिया करती थीं। मेरी परवरिश भी उन्होंने ही की है।’
जीनत अमान बताती हैं कि वह धार्मिक नहीं हैं। उन्होंने इसके पीछे की वजह का भी खुलासा किया। वह कहती हैं- ‘मैं धार्मिक नहीं हूं, क्योंकि मैंने अपनी जिंदगी में चीजें बहुत नजदीक से देखी हैं। मेरी मां हिंदू थीं, मेरे पिता मुस्लिम थे और मेरे पिता के बच्चे भी मुस्लिम हुए। मैंने कैथोलिक स्कूल से पढ़ाई की है और मेरे सौतेले पिता जर्मन थे, तो मुझे जीवन जीने के एक बहुत ही ग्लोबल तरीके का अनुभव मिला। यही वजह है कि मुझे कभी किसी खास धर्म को मानने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई। मैं मानती हूं की सभी धर्म अच्छे होते हैं, कोई धर्म किसी को गलत करना नहीं सिखाता। मैं इंसानियत, दया, शांति, बराबरी और लोगों और जानवरों के प्रति प्यार पर यकीन रखती हूं। यही मेरा धर्म है।’
वहीं आपको बता दें कि जीनत अमान एक समय पर हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं। अपने करियर में उन्होंने धर्मेंद्र से लेकर शशि कपूर, अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर जैसे दिग्गजों के साथ काम किया और वाहवाही बटोरी।

