बिहार सरकार ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों नेताओं को अब ‘जेड’ (Z) श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात तक इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई थी। इससे पहले 4 जून को दोनों की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा हटा दी गई थी और पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें केवल SSG सुरक्षा दी गई थी। इस फैसले से नाराज होकर लालू परिवार ने सुरक्षा वापस लौटा दी थी।
बता दें कि 4 जून को जब लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा हटाई गई थी, तब इस फैसले पर बिहार में भारी राजनीतिक बवाल हुआ था।
‘जेड’ सुरक्षा में क्या मिलती हैं सुविधाएं?
‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा देश की बेहद मजबूत सुरक्षा व्यवस्थाओं में से एक मानी जाती है। वीआईपी (VIP) सुरक्षा के इस घेरे के तहत सुरक्षा का एक कड़ा प्रोटोकॉल लागू होता है।
- जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था के तहत वीआईपी की सुरक्षा में कुल 22 सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे मुस्तैद रहते हैं।
- इस सुरक्षा घेरे में 4 से 5 राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) या विशेष कमांडो भी शामिल होते हैं, जो सीधे सुरक्षा की कमान संभालते हैं।
- जेड श्रेणी की सुरक्षा नियमों के तहत वीआईपी के काफिले के साथ चलने के लिए एक विशेष एस्कॉर्ट कार भी प्रदान की जाती है।
- तैनात किए गए सभी सुरक्षाकर्मी अलग-अलग शिफ्ट के अनुसार चौबीसों घंटे वीआईपी की सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
सुरक्षा घेरा को लेकर लालू परिवार का रुख
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लालू और राबड़ी देवी को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा देने पर मुहर लग चुकी है, लेकिन इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इस सुरक्षा बहाली के सवाल पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और लालू परिवार की ओर से कहा गया है कि उन्हें अभी तक सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक पत्र या नोटिफिकेशन प्राप्त नहीं हुआ है

