Durgapur News: अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन, एसडीओ कार्यालय के बाहर जताया विरोध

Durgapur News: अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन, एसडीओ कार्यालय के बाहर जताया विरोध

दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में अन्नपूर्णा योजना के तहत आर्थिक सहायता की राशि नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों महिलाओं ने शनिवार को एसडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करने के बावजूद उनके आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर ‘रद्द’ (Rejected) दिखाए जा रहे हैं, जबकि इसकी स्पष्ट वजह भी नहीं बताई जा रही है।

महिलाओं का कहना है कि उन्होंने सरकार के निर्देशानुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी की थी और आवश्यक दस्तावेज भी समय पर जमा किए थे। इसके बावजूद अब तक उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची है।

एसडीओ कार्यालय से नहीं मिला संतोषजनक जवाब

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर वे एसडीओ कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां उन्हें केवल 10 तारीख के बाद आवेदन की स्थिति दोबारा जांचने की सलाह दी गई। इस जवाब से महिलाओं में नाराजगी और बढ़ गई।

योग्य लाभार्थियों को जल्द मिले सहायता राशि की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी लंबित एवं रद्द आवेदनों की निष्पक्ष समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में जल्द से जल्द योजना की राशि भेजी जाए।

हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

रिपोर्ट: अतीकुर रहमान, पश्चिम बंगाल (NEWS ANP)

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *