दुर्गापुर/अंडाल: पश्चिम बंगाल के अंडाल थाना क्षेत्र के काजोरा मौजा स्थित बबईशोल में जाली हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 8.82 एकड़ जमीन बेचने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर अंडाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
शिकायत के अनुसार, वर्तमान में दिल्ली निवासी मिताली आहूजा उक्त जमीन की वैध मालिक हैं। आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों ने कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेज तैयार कर इस जमीन का सौदा कर दिया।
चार लोगों के खिलाफ शिकायत
मामले में रंजन बर्नवाल, राजीव मंडल, राजेंद्र नाथ तिवारी और संजय बाउरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत 17 जून को अंडाल थाने में दी गई थी।
मिताली आहूजा के मैनेजर नरेश कोचर ने फोन पर बताया कि उन्हें पुलिस जांच पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू
इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने अंडाल क्षेत्र में कथित जमीन घोटालों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार के कार्यकाल में भूमि संबंधी अनियमितताओं का आरोप लगाया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित फर्जीवाड़े में किसकी भूमिका रही और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अतीकुर रहमान, पश्चिम बंगाल (NEWS ANP)

