धनबाद(DHANBAD): जिले के विनोद नगर रेलवे किनारे गुरुवार को रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए कई मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रभावित लोगों ने कार्रवाई का जमकर विरोध किया। लोगों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने बिना उचित मुआवजा दिए ही उनके घरों को तोड़ना शुरू कर दिया, जिससे कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे लाइन चौड़ीकरण परियोजना को लेकर पूर्व में अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत हुई थी। उस समय आश्वासन दिया गया था कि जिन लोगों के मकान प्रभावित होंगे, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। कुछ लोगों को मुआवजा राशि मिल भी चुकी है, लेकिन करीब एक दर्जन परिवार ऐसे हैं जिन्हें अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया है। इसके बावजूद उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान महिलाएं और बच्चे भी सड़क पर उतर आए. लोगों का कहना था कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकी जानी चाहिए। कई लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से वे यहां रह रहे हैं और अचानक इस तरह घर तोड़े जाने से उनका पूरा परिवार बेघर हो जाएगा।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

