देश के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश की वजह से कई जगहों पर सड़कें पानी में डूब गई हैं और यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली में बारिश ने मचाई भारी तबाही
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। मंगलवार से दिल्ली में बुधवार रात बारिश का दौर जारी रहा, जिससे शहर भर में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। दिल्ली के विकास मार्ग, मुनीरका, द्वारका, गीता कॉलोनी, सदर बाजार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और पूर्वी दिल्ली में जलभराव हुआ।
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया, इनमें से 27 जिलों में रेड अलर्ट है। गुरुवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद समेत 50 जिलों में बारिश हो रही है। नोएडा में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया, तो वहीं गाजियाबाद में सड़क धंस गई। वहीं बुलंदशहर में दुकानों और घरों में पानी घुस गया।
मध्यप्रदेश में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अति भारी बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश खजुराहो और मंडला में दर्ज की गई है। खजुराहो में लगभग 4।4 इंच और मंडला में 4।2 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा भिंड में 134 मिमी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई।
हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी
हरियाणा के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के फरीदाबाद, करनाल, पलवल, पंचकुला, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है।
उत्तराखंड और हिमाचल में चेतावनी जारी
उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण तबाही का मंजर देखने को मिला। बारिश के चलते टिहरी गढ़वाल में NH 707ए पर भूस्खलन हुआ। वहीं हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, कई राज्यों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है

