बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अपनी टीम के साथ इलाके में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया से प्रशांत किशोर ने कहा, “चुनाव है तो स्वाभाविक है कि जिस क्षेत्र में आप चुनाव लड़ेंगे तो वहां घूमेंगे. अभी चुनाव है तो निश्चित तौर पर बांकपुर में घूमेंगे. लोगों से मिल रहे हैं और बता रहे हैं कि लालू के डर से बीजेपी और बीजेपी के डर से लालू को वोट देने की परिपाटी से ऊपर उठिए और एक बेहतर व्यक्ति का चुनाव करिए.”
वोट के दिन जाकर सही तरीके से मतदान करें
पीके ने कहा, “लोग सिर्फ मेरे साथ घूमें नहीं, फोटो मत खिंचाएं, वोट के दिन जाकर सही तरीके से मतदान करें और 35 साल से यहां (बांकीपुर) जो बीजेपी का राज है और उसको अगर लोग बदलना चाहते हैं, सम्राट चौधरी के राज को बदलना चाह रहे हैं, बीजेपी के अहंकार को तोड़ना चाहते हैं, तो इस बार बदलाव के लिए वोट दें.”
उपचुनाव जाति और धर्म से ऊपर का है
वहीं प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी से लड़ाई है. सम्राट सरकार और प्रशांत किशोर में लड़ाई है. ये उपचुनाव जाति और धर्म से ऊपर का है. हर व्यक्ति और मतदाता को ये तय करना है कि उनको सम्राट चौधरी जैसा कोई मुख्यमंत्री चाहिए या प्रशांत किशोर जैसा व्यक्ति उनका प्रतिनिधि चाहिए.

