बिहार से बेहद ही चौकाने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक पटना के दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास मां वैष्णो ज्वेलर्स में गुरुवार को दो लड़कियों ने लूट की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय लोगों ने लूट की इस कोशिश को विफल कर दिया। दरअसल, ज्वेलरी शॉप में दो युवती ज्वेलरी लेने के बहाने अंदर घुसी और सामने बैठे ज्वेलर शॉप के मालिक पर बैग से स्प्रे निकालकर छिड़काव कर दिया। इसके बाद दुकान के अंदर मौजूद व्यक्ति को घुटन होने लगी। वह शोर मचाते हुए बाहर भागे। इतने में वहां भीड़ जमा हो गई।
दुकान के अंदर मौजूद दोनों युवती को एक महिला ने बाल खींचकर बाहर निकाला। इतने में ही युवती अचेत होकर शॉप के बाहर सड़क पर गिर पड़ी, जबकि दूसरी खड़ी रही। लोगों ने पूछताछ के बाद दोनों युवतियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
टॉप्स दिखाने के लिए बोली थी लड़की
दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि दो लड़की टॉप्स दिखाने के लिए बोली। मैं टॉप्स दिखा ही रहा था, इतने मेरे मुंह पर स्प्रे मारकर टॉप्स लेकर भागने की कोशिश की। मैं शोर करते हुए दुकान से बाहर भागकर आया। लोग आवाज सुनकर आ गए। मेरी दुकान का शीशा सब टूट गया, बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। दोनों युवतियों को दीघा थाने पर लाया गया जहां उनसे पूछताछ की गयी।
दीघा थानेदार अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार के ऊपर दोनों युवतियों ने घुसकर स्प्रे किया। तब तक दुकानदार ने शटर बाहर से बंद कर दिया। फिलहाल दुकानदार थाने पर आए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। घटना की छानबीन जारी है। पकड़ी गई लड़कियों में एक नाबालिग बताई जा रही है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं, जिनमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से कैद हुई है। पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि पकड़ी गई लड़कियां किसी गिरोहा का हिस्सा हैं या उन्होंने खुद ही लूट की योजना बनाई थी और ऐसा करने की पीछे वजह क्या थी।

