राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन 11 जून को मनाया गया। इस मौके पर जहां दिन भर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही, उनके लिए भोज का आयोजन किया गया। वहीं रात में लोक कलाकारों और भोजपुरी गायकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की। राबड़ी देवी के आवास 10 सर्कुलर रोड पर ये आयोजन किया गया था। इस दौरान लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, परिवार के अन्य सदस्यों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। हालांकि, जानकारी के अनुसार, इस मौके पर लौंडा नाच का भी आयोजन कराया जिसपर अब विवाद खड़ा हो गया है।
राबड़ी देवी का हीरे का कंगन बना विवाद की बड़ी वजह
सामने आई जानकारी के अनुसार, लालू यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भोजपुरी सिंगर छोटू छलिया ने अपनी प्रस्तुति दी। जब गायक छोटू छलिया लालू यादव के पोते इराज को लेकर गीत प्रस्तुत कर रहे थे, तब वह गाते-गाते राबड़ी देवी के पास पहुंच गए। छोटू छलिया की प्रस्तुति से प्रभावित राबड़ी देवी ने अपने हाथ में पहना हुआ हीरे का कंगन उतारकर उन्हें भेंट कर दिया। राबड़ी देवी के इस उपहार को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।
भगवान सिंह कुशवाहा ने भी लालू परिवार पर निशाना साधा
जेडीयू के नेता और बिहार सरकार में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने लालू आवास पर हुए लौंडा नाच के आयोजन और गायक को डायमंड का कंगन दिए जाने को लेकर लालू परिवार पर निशाना साधा है। भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा- “लालू यादव की तो यह पुरानी आदत है। मर्द को लौंडा बनाकर साड़ी पहनवा कर नचाते हैं। जब सत्ता में थे 90 के दशक में, तो यही उनकी कार्यशैली थी, उसमें थोड़े ही न कोई परिवर्तन होगा। डायमंड का कंगन दे दिए, पूरा राज दे देते। कंगन कहां से लाये यह तो जांच का विषय है। लालू जी के पास घोटाले वाले 950 करोड़ रुपए हैं, वही पैसा अभी नाती-पोते पर लुटाते हैं।”
वहीं, नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत की डिग्री को लेकर तेजस्वी यादव के सवाल पर भी भगवान सिंह कुशवाहा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “चुनावी हलफनामे में जो दिया जाता है वह सही होता है, पहले तेजस्वी बताएं ना कि 75 से 25 पर कैसे आ गए?”

