दिल्ली में अगस्त की शुरुआत से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार चौथे दिन बारिश का दौर जारी रहा। खास बात यह है कि महीने के शुरुआती 8 दिनों में ही दिल्ली में पूरे अगस्त की औसत बारिश से ज्यादा पानी बरस चुका है।
सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, अब तक 230.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि दिल्ली में अगस्त महीने की औसत बारिश 226.8 मिमी है। यह औसत 1991 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर तय किया गया है।
24 घंटे में करीब 99 मिमी बारिश
सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में शनिवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 98.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह पिछले दो साल में अगस्त के किसी एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश बताई जा रही है।
इसके बाद शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक भी 4.4 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को दिल्ली में एक दिन में 107.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
तापमान गिरा, लेकिन जलभराव से परेशानी
लगातार बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण लोगों को ट्रैफिक जाम और आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में इस सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। IMD के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।
केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर अगले दो दिनों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) और मध्यम बारिश के लिए चेतावनी भी जारी की गई है।

