जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार….

जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार….

रिक्की सिंह को गोली मारने के मामले में पुलिस की कार्रवाई………….

घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद………………..

फरार आरोपियों की तलाश जारी…………………

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। रविवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 29 मई को डुमरी नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय रिक्की सिंह को आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद घायल की पत्नी चंदा कौर के आवेदन पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो आरोपियों नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिलें बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद की गईं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने गए थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह के साथ विवाद हो गया, जो गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। विवाद बढ़ने पर जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पूर्व में रिक्की सिंह और उसके दोनों भाई गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे थे। हालांकि वर्तमान विवाद की वास्तविक वजह और पूरे आपराधिक नेटवर्क की पुलिस गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *