जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बाद देश की राजनीति में एक नई पार्टी की एंट्री होने वाली है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस ने अपनी नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है।
चंद्र कुमार बोस ने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस (TMC) से इस्तीफा दिया था। इससे पहले वह बीजेपी में भी रह चुके हैं। अब वह युवाओं को साथ लेकर नई राजनीतिक पार्टी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
युवाओं और नेताजी की विचारधारा पर होगी पार्टी
एक न्यूज चैनल से बातचीत में चंद्र कुमार बोस ने बताया कि उनकी नई पार्टी Gen-Z युवाओं के साथ मिलकर बनाई जाएगी। पार्टी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की समावेशी और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को आगे बढ़ाने पर काम करेगी।
जंतर-मंतर के प्रदर्शन से हुए प्रभावित
चंद्र कुमार बोस ने कहा कि जंतर-मंतर पर युवाओं का प्रदर्शन उन्हें काफी प्रभावित कर रहा है। उनके मुताबिक, आजादी के 80 साल बाद देश का युवा फिर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग में भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से युवा परेशान हैं और अब वे बदलाव चाहते हैं।
चंद्र कुमार बोस ने कहा कि युवाओं को साथ लेकर नेताजी की आजाद हिंद फौज की विचारधारा से प्रेरित होकर आगे बढ़ना उनकी नई पार्टी का मुख्य उद्देश्य होगा।
बीजेपी से गए थे टीएमसी में
बोस 2016 में बीजेपी में शामिल हुए और लगभग सात साल तक पार्टी के साथ रहे. उन्होंने दावा किया कि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि नेताजी की विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए बीजेपी के अंदर आजाद हिंद मोर्चा बनाया जाएगा.
उन्होंने कहा- ‘मैंने सात साल तक इंतजार किया, सब्र के साथ इंतजार किया लेकिन आजाद हिंद मोर्चा नहीं बनाया गया. बोस ने आगे कहा- ‘इसे क्यों नहीं बनाया गया? इस सवाल का जवाब सिर्फ बीजेपी का नेतृत्व ही दे सकता है. उन्होंने वादा किया था, वरना, मैं कभी BJP में शामिल नहीं होता.’
बीजेपी छोड़ने के बाद, वे 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें नेताजी की राजनीतिक विरासत पर काम करने का एक और मौका दिया था.
बोस ने कहा- ‘अप्रैल 2026 में, मुझे बताया गया कि वे नेताजी की विचारधारा में विश्वास करते हैं और मैं पार्टी में काम कर सकता हूं और उनकी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर सकता हूं. बाद में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए TMC से इस्तीफा दे दिया.’

