पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में 15 नवजात शिशुओं की मौत होने की खबर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग लगने के समय वार्ड में करीब 16 बच्चे मौजूद थे। डॉक्टरों की टीम सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित बचा पाई। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कुछ बच्चों को रात में ही डिस्चार्ज कर दिया गया था, इसलिए अभी बच्चों की सही संख्या स्पष्ट नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और अब वार्ड को ठंडा करने का काम किया जा रहा है।
जांच के लिए बनाई गई कमेटी
घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान में दमकल की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस शामिल थीं।
जिला प्रशासन ने हादसे की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक समिति बनाई है। यह समिति आग लगने की वजह के साथ-साथ यह भी जांच करेगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई।
PIMS इस्लामाबाद का बड़ा अस्पताल
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक है। इसके परिसर में इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर जैसे कई प्रमुख चिकित्सा केंद्र शामिल हैं।

