अमेरिका ने दुनियाभर के वीजा आवेदकों के अपॉइंटमेंट में अस्थायी बदलाव किया है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीति को सख्त करने के बीच यह फैसला लिया गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, दुनिया भर के अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है। इस ट्रेनिंग के कारण कुछ वीजा अपॉइंटमेंट को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिन लोगों की अपॉइंटमेंट बदली गई है, उन्हें बाद में नई तारीख दी जाएगी।
इमिग्रेशन पर ट्रंप प्रशासन सख्त
ट्रंप प्रशासन अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसमें वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द करना, आवेदनों को खारिज करना और लोगों को अमेरिका से डिपोर्ट करना शामिल है।
प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का मकसद अमेरिका की सुरक्षा को मजबूत करना है। हालांकि, इन नीतियों को लेकर कई कानूनी चुनौतियां भी सामने आई हैं।
कोर्ट में ट्रंप प्रशासन को झटका
हाल ही में एक अमेरिकी जज ने ट्रंप प्रशासन की उस नीति को रद्द कर दिया, जिसमें 75 देशों के लोगों के इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाई गई थी। अदालत ने माना कि यह नीति विदेश मंत्री मार्को रुबियो के कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर थी।
क्यों बदली जा रही हैं अपॉइंटमेंट?
अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्रेनिंग की अवधि के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। विभाग के अनुसार, इस ट्रेनिंग का उद्देश्य कॉन्सुलर अधिकारियों को वीजा आवेदकों की जांच में मदद करना है।
अधिकारियों को यह पहचानने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा कि किन आवेदकों के अमेरिकी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर होने की संभावना है। साथ ही, सभी आवेदनों का एक समान तरीके से मूल्यांकन करने पर भी जोर दिया जाएगा।
आवेदकों को ई-मेल भेजे जा रहे हैं
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन लोगों ने अमेरिकी दूतावास या कॉन्सुलेट में इमिग्रेंट वीजा इंटरव्यू के लिए अपॉइंटमेंट लिया था, उनमें से कुछ को ई-मेल भेजकर बताया गया है कि उनकी अपॉइंटमेंट बदली जा रही है।
ऐसे आवेदकों को नई तारीख बाद में बताई जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह बदलाव कितने समय तक जारी रहेगा।
