धनबाद की पेयजल समस्या और 38 सड़कों को लेकर CM से मिले राज सिन्हा, 143 MLD योजना का उठाया मुद्दा

धनबाद की पेयजल समस्या और 38 सड़कों को लेकर CM से मिले राज सिन्हा, 143 MLD योजना का उठाया मुद्दा

धनबाद। धनबाद की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान और शहर की 38 प्रमुख सड़कों के निर्माण का मामला विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उठाया। 25 अगस्त 2026 को रांची में हुई मुलाकात के दौरान विधायक ने धनबाद की मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी क्षमता से संचालित करने और लंबित सड़क योजनाओं पर आवश्यक पहल की मांग की।

राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से कहा कि धनबाद की पेयजल समस्या का समाधान केवल अस्थायी व्यवस्था से नहीं होगा। इसके लिए पहले से मौजूद जलापूर्ति ढांचे, पाइपलाइन नेटवर्क और जलमीनारों का बेहतर इस्तेमाल जरूरी है।

143 MLD की योजना, फिलहाल 47 MLD जलापूर्ति

विधायक के अनुसार, JNNURM के तहत धनबाद के लिए 143 MLD क्षमता की शहरी जलापूर्ति योजना तैयार की गई थी। इसके तहत 31 जलमीनारों का निर्माण किया गया है। हालांकि वर्तमान में करीब 47 MLD पानी की ही आपूर्ति हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि करीब 96 MLD क्षमता का पर्याप्त उपयोग नहीं हो पा रहा है। इससे एक ओर जनता को नियमित पानी नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर जलापूर्ति व्यवस्था में लगाए गए उपकरणों के लंबे समय तक पर्याप्त उपयोग नहीं होने से उनके खराब होने की स्थिति बन रही है।

31 जलमीनारों से हर घर तक कनेक्शन की मांग

राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से 31 जलमीनारों को पूरी क्षमता के साथ सक्रिय करने और अधिक से अधिक घरों तक गृह जल संयोजन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा के लिए सभी जलमीनारों का भौतिक सत्यापन, पाइपलाइन नेटवर्क, पंपिंग व्यवस्था और गृह संयोजन की स्थिति की जांच कराने का सुझाव दिया।

विधायक ने सियालगुदड़ी से भेलाटांड़ जाने वाली जलापूर्ति लाइन और अन्य पाइपलाइनों के उचित संयोजन पर भी विशेषज्ञों के साथ तकनीकी अध्ययन कराने की मांग रखी, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा सके।

फेज-I और फेज-II की योजनाओं की समीक्षा की मांग

विधायक ने नगर विकास विभाग की एजेंसी जुडको की ओर से फेज-I और फेज-II के तहत चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्यों और 8 नए ESR के निर्माण का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि कई कार्य लंबे समय से निर्माणाधीन हैं और स्थानीय स्तर पर निगरानी के लिए पर्याप्त विभागीय पदाधिकारी नहीं हैं। ऐसे में इन योजनाओं की समयबद्ध समीक्षा और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था जरूरी है।

38 प्रमुख सड़कों का मामला भी उठा

मुख्यमंत्री के समक्ष धनबाद शहर की 38 प्रमुख सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण का मामला भी रखा गया। विधायक के अनुसार, एसीबी जांच के कारण इन सड़कों से जुड़े कार्य लंबे समय से प्रभावित हैं।

उन्होंने मांग की कि मामले की विधिसम्मत समीक्षा करते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुए बिना जनहित से जुड़े जरूरी सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य आगे बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री से सकारात्मक पहल का भरोसा

राज सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ धनबाद की पेयजल समस्या और लंबित सड़क निर्माण को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद दोनों मामलों में ठोस पहल होगी।

विधायक ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों और पहले से तैयार आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग कर धनबाद में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *