UGC NET जून 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। NTA ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के पेपर में कई तरह की गलतियां मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है।
NTA को इन तीनों विषयों के पेपर को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद एक समिति ने पेपर की जांच की। जांच में तथ्यात्मक, टाइपिंग, भाषा और अनुवाद से जुड़ी गलतियां सामने आईं। इसके बाद एजेंसी ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया।
कब होगी दोबारा परीक्षा?
NTA के अनुसार तीनों विषयों की परीक्षा सितंबर में होगी।
- इंग्लिश: 9 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- सोशियोलॉजी: 10 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
इन तीनों विषयों के उम्मीदवारों से री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
84 विषयों के रिजल्ट पर असर नहीं
NTA ने साफ किया है कि तीन विषयों की दोबारा परीक्षा होने से बाकी 84 विषयों के रिजल्ट में देरी नहीं होगी। इन विषयों की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी।
तीनों विषयों की आंसर की क्यों नहीं आई?
इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की प्रोविजनल आंसर की को लेकर उम्मीदवार इंतजार कर रहे थे। इन पेपर में मिली कई गलतियों के कारण NTA ने इन तीनों विषयों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है।
UGC NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच आयोजित हुई थी। अब इन तीनों विषयों के उम्मीदवारों को सितंबर में फिर से परीक्षा देनी होगी।
उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी और एडमिट कार्ड के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

