दुनिया की बड़ी कैब कंपनियों में शामिल Uber ने अपने कर्मचारियों की संख्या कम करने का फैसला किया है। कंपनी करीब 3,300 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। यह कंपनी की कुल ग्लोबल वर्कफोर्स का लगभग 10 प्रतिशत है।
कंपनी ने यह फैसला अपने काम करने के तरीके को आसान बनाने, मैनेजमेंट की कई लेयर्स को कम करने और खर्च घटाने के लिए लिया है।
CEO ने कर्मचारियों को भेजा ईमेल
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, Uber के CEO दारा खोसरोशाही ने कर्मचारियों को ईमेल भेजकर इस बदलाव की जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि इस बदलाव के बाद कंपनी ज्यादा तेजी और आसान तरीके से फैसले ले सकेगी। छंटनी से बचने वाली रकम को कंपनी अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में इस्तेमाल करेगी।
मैनेजर्स की संख्या भी होगी कम
इस बदलाव के बाद Uber में मैनेजर्स की कुल संख्या करीब 20 प्रतिशत कम हो जाएगी। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि कितने मैनेजर्स की नौकरी जाएगी।
कुछ मैनेजर्स को मैनेजर के पद से हटाकर सीधे काम करने वाली भूमिका में भी भेजा जा सकता है। वहीं, छंटनी का असर सिर्फ मैनेजर्स पर नहीं पड़ेगा, बल्कि दूसरे कर्मचारी भी इससे प्रभावित होंगे।
कारोबार बढ़ने के साथ बढ़ी थी जटिलता
CEO के मुताबिक, पिछले पांच साल में Uber का कारोबार काफी तेजी से बढ़ा है। कारोबार बढ़ने के साथ कंपनी के काम करने का तरीका भी ज्यादा जटिल हो गया।
कंपनी में मैनेजमेंट की कई लेयर्स और अलग-अलग टीमों के बीच ज्यादा तालमेल की जरूरत पड़ रही थी। इससे फैसले लेने में ज्यादा समय लग रहा था।
अब Uber ऐसे पदों को कम करने की तैयारी कर रही है, जिनका मुख्य काम अलग-अलग टीमों के बीच तालमेल बनाना था। कुछ मैनेजर्स को ज्यादा जिम्मेदारियां देकर फैसले लेने की प्रक्रिया तेज करने की योजना है।
Robotaxi और नई टेक्नोलॉजी पर बढ़ेगा निवेश
Uber का कहना है कि छंटनी से बचने वाली रकम को कारोबार बढ़ाने, नई तकनीक और ऑटोनॉमस व्हीकल यानी Robotaxi से जुड़े कामों में लगाया जाएगा।
कंपनी ड्राइवरों, डिलीवरी पार्टनर्स और कारोबारियों के लिए अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी निवेश बढ़ाएगी। Uber आने वाले वर्षों में Robotaxi पार्टनरशिप पर 10 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च करने की योजना बना रही है।
कई टीमों का होगा विलय
कंपनी एक जैसे काम करने वाली अलग-अलग टीमों को मिलाने की भी तैयारी कर रही है। उदाहरण के लिए, रेस्टोरेंट, रिटेल और डायरेक्ट डिलीवरी से जुड़ी तीन डिलीवरी ऑपरेशंस टीमों को एक साथ लाया जाएगा।
इसके अलावा कोर सर्विस इंजीनियरिंग और साइंस टीमों को भी मर्ज करने की योजना है।
रिमोट कर्मचारियों को ऑफिस बुलाया जाएगा
Uber कर्मचारियों के काम करने के तरीके में भी बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों को अपने प्रमुख ग्लोबल हब के तौर पर विकसित करेगी।
कंपनी के मुताबिक, ज्यादातर रिमोट कर्मचारियों को वापस ऑफिस से काम करना होगा। आने वाले समय में केवल करीब 1 प्रतिशत कर्मचारी ही पूरी तरह रिमोट रहेंगे।
Uber का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया का मकसद कंपनी को ज्यादा आसान, तेज और प्रभावी तरीके से चलाना है।

