धनबाद (सिंदरी): सिंदरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार रात करीब 8:30 बजे कल्पना टॉकीज और कुंवर सिंह गोलंबर के सामने मुख्य सड़क पर एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार युवक पेड़ की चपेट में आ गया, लेकिन सौभाग्य से वह गंभीर दुर्घटना का शिकार होने से बच गया।
पेड़ की टहनी गिरने से युवक को आई मामूली चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ की मुख्य शाखा के बजाय केवल एक टहनी बाइक सवार युवक पर गिरी, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना में उसकी बाइक को भी हल्का नुकसान हुआ।
बिजली पोल, स्ट्रीट लाइट और गुमटी को नुकसान
पेड़ गिरने से सड़क किनारे स्थित एक गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही बिजली का पोल भी प्रभावित हुआ। एचयूआरएल (HURL) के सीएसआर फंड से लगाई गई एलईडी स्ट्रीट लाइट संख्या-126 भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
घटना के बाद मुख्य सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालते हुए आवागमन सामान्य कराने में सहयोग किया।
जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त स्ट्रीट लाइट की जल्द मरम्मत कराने और बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क किनारे खड़े जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ऐसे पेड़ों को हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, सिंदरी

