सिंदरी (धनबाद): सिंदरी के तालतला स्थित काली मंदिर का स्थापना दिवस रविवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र मां काली के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि इस स्थल पर वर्ष 1952 से मां काली की नियमित पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है, जबकि वर्तमान मंदिर की स्थापना वर्ष 2014 में की गई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ और मां काली को विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन पुरोहित श्यामलाल मुखर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
शाम के समय आयोजित भव्य महाआरती कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शंखनाद, ढाक और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच मां काली की आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में डूबे रहे।
मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय सिंह एवं सचिव संजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद कुमार, पप्पू सिंह, पप्पू श्रीवास्तव, धनंजय कुमार सहित अन्य समिति सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों ने न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करने का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने मां काली से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

