मोहर्रम को लेकर सिंदरी थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील

मोहर्रम को लेकर सिंदरी थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील

सिंदरी (धनबाद): मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को सिंदरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश कुमार ने की। बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों तथा मुस्लिम समुदाय के अखाड़ा प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पर्व के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।

ताजिया जुलूस के रूट की समीक्षा

बैठक के दौरान प्रशासन ने रांगामाटी, डोमगढ़ और गौशाला क्षेत्र से निकलने वाले तीन लाइसेंसी ताजिया जुलूसों के रोड मैप की जानकारी ली। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की गई।

प्रशासन ने मांगे सुझाव

शांति समिति के सदस्यों और अखाड़ा प्रतिनिधियों से मोहर्रम के सफल आयोजन को लेकर सुझाव लिए गए। प्रशासन ने सभी पक्षों से सहयोग की अपेक्षा जताई और आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। बैठक में मौजूद लोगों ने भी शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिया।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने लोगों से मोहर्रम पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना या समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

कई अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से पु०अ०नि० विनोद टोप्पो, पु०अ०नि० मुकेश हेंब्रम, पु०अ०नि० प्रभुदान कुजूर, स०अ०नि० सुनील निरातम एक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा मुस्लिम समुदाय के अखाड़ा प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।

रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, NEWS ANP, सिंदरी

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *