धनबाद (सिंदरी): संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सिंदरी के राजगंज मोड़ स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित समरसता संकल्प कार्यक्रम के तहत कलश वंदन अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी ने अभियान में भाग लेकर पूज्य कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत और वंदन किया।
काशी से लाए गए पावन कलश का हुआ स्वागत
कार्यक्रम में संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी (वाराणसी) से लाए गए पावन कलश की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश को मस्तक पर धारण कर श्रद्धाभाव के साथ भ्रमण किया।
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
इस अवसर पर तारा देवी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समानता, सामाजिक समरसता, मानवता और भक्ति का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचार समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा धनबाद ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन चंद्र कुम्हार, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, जिला ग्रामीण महामंत्री विकास कुमार महतो, जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष रामप्रसाद महतो, धरणीधर मंडल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, सिंदरी

