महंगाई पर भारी पड़ी छठ की आस्था, सिंदरी के बाजार में फलों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

महंगाई पर भारी पड़ी छठ की आस्था, सिंदरी के बाजार में फलों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

धनबाद, सिंदरी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सिंदरी के सब्जी बाजार में शनिवार को जबरदस्त रौनक देखने को मिली। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ जुटने लगी। महंगाई के बावजूद छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं दिखी। लोगों ने पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सब्जियों और अन्य पूजन सामग्रियों की जमकर खरीदारी की।

फलों की दुकानों पर सुबह से रही भीड़

छठ पूजा में फलों का विशेष महत्व होने के कारण सिंदरी के सब्जी बाजार में फलों की दुकानों पर सबसे अधिक चहल-पहल रही। बाजार में सजी दुकानों पर व्रती और उनके परिजन पूजा के लिए जरूरी सामग्री खरीदते नजर आए। कोई केला और नारियल खरीद रहा था तो कोई सेब, संतरा, अमरूद और गन्ने की खरीदारी में जुटा था। पर्व को लेकर बाजार में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

जानिए सिंदरी बाजार में फलों के ताजा भाव

महंगाई का असर छठ बाजार में भी देखने को मिल रहा है। बाजार में सेब 100 से 120 रुपये, संतरा 100 रुपये, नाशपाती 100 रुपये और अनार 200 रुपये की दर से बिक रहा है। वहीं, केला की कांदी 300 से 500 रुपये तक उपलब्ध है। गाजर 10 रुपये प्रति पीस, अदरक 5 रुपये प्रति पीस, शकरकंद 40 रुपये, अमरूद 100 रुपये, नारियल 40 से 50 रुपये और गन्ना 35 रुपये प्रति पीस की दर से बेचा जा रहा है। ताजा गाय का दूध 65 से 70 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है।

पूजन सामग्री की दुकानों पर भी बढ़ी रौनक

फलों के अलावा बाजार में छठ पूजा से जुड़ी पूजन सामग्री की भी कई दुकानें सजी हुई हैं। श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार पूजा का सामान खरीद रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि छठ महापर्व के कारण फलों की मांग में तेजी आई है। खरीदारों की लगातार बढ़ती संख्या से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। उनके लिए छठ का बाजार अच्छी बिक्री की उम्मीद लेकर आया है।

रविवार के अर्घ्य से पहले और बढ़ सकती है खरीदारी

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसे देखते हुए श्रद्धालु पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बाजार में शनिवार को उमड़ी भीड़ के बाद दुकानदारों को रविवार को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। छठ की आस्था और परंपरा के आगे महंगाई भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर पा रही है।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *