धनबाद/चासनाला: सेल कोलियरीज डिवीजन के चासनाला कोलियरी अंतर्गत तासरा रेलवे साइडिंग में शंकर मल्लिक की मौत के बाद उनके परिजन पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं। इस दौरान धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने धरनास्थल पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मेयर ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी स्तर से मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये नकद तथा अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म के लिए 50 हजार रुपये, यानी कुल 10.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
पत्नी और बच्चों के भविष्य के लिए दी आर्थिक मदद

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि यह सहायता विशेष रूप से शंकर मल्लिक की पत्नी और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में परिवार को तत्काल आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए निजी स्तर पर मदद की गई है।
उन्होंने परिजनों की पीड़ा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
‘शंकर को वापस नहीं ला सकता, लेकिन परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा’
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शंकर मल्लिक को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उनके परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार के सुख-दुख में वे हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस मुश्किल परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहना भी जरूरी है।
पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं परिजन
शंकर मल्लिक की मौत के बाद से उनके परिजन मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। पांच दिनों से जारी धरने के बीच मेयर के पहुंचने और आर्थिक सहायता देने से परिवार को तत्काल राहत मिली है।
मेयर ने मृतक की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
इस दौरान उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, साजन सिंह, चीकू महतो सहित बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

