धनबाद में संस्कार भारती की सांस्कृतिक संध्या, शास्त्रीय संगीत और कत्थक की प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल

धनबाद में संस्कार भारती की सांस्कृतिक संध्या, शास्त्रीय संगीत और कत्थक की प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल

धनबाद: कला और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से संस्कार भारती धनबाद महानगर द्वारा शनिवार को सीएमपीएफ गेस्ट हाउस में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और शास्त्रीय नृत्य पर आधारित इस कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री नीतिशा नीरज ने संस्कार भारती के ध्येय गीत से किया। इसके बाद ऋषिता सेनगुप्ता ने भगवान गणेश की वंदना पर एकल नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।

शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति में प्रख्यात गायक एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक अरविंद महाराज ने ख़याल और ठुमरी की शानदार प्रस्तुति दी। उनके साथ हारमोनियम पर वरिष्ठ कलाकार जयशंकर ठाकुर तथा तबले पर करुणामोय मुखर्जी ने संगत कर प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाया।

इसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की छात्रा श्रुति चंद्रा ने कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। उनके साथ हारमोनियम पर कुषाण सेनगुप्ता और तबले पर भास्कर रंजन दे ने संगत की। कार्यक्रम में गुरु संचिता बक्शी एवं गुरु सरसी चंद्रा के शिष्यों द्वारा प्रस्तुत समूह कत्थक नृत्य ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम का संचालन सुवर्णा बनर्जी ने किया। समापन सभी कलाकारों और उपस्थित लोगों द्वारा सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गायन के साथ हुआ।

संस्कार भारती धनबाद महानगर के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, अतिथियों, कला प्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष मथुरेश वर्मा, अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, महामंत्री संजय सेनगुप्ता, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, संरक्षक सोमनाथ पूर्ति, मंत्री धीरज शर्मा, कला धरोहर संयोजक नीरज कुमार प्रसाद, मीडिया प्रभारी चंदन पाल, सह-कोषाध्यक्ष वैभव पांडेय सहित संस्कार भारती की पूरी टीम उपस्थित रही।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *