सिंदरी में धूमधाम से मनी राम विलास पासवान की 80वीं जयंती, नेताओं ने याद किए उनके योगदान

सिंदरी में धूमधाम से मनी राम विलास पासवान की 80वीं जयंती, नेताओं ने याद किए उनके योगदान

धनबाद (सिंदरी): लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्थापक एवं भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राम विलास पासवान की 80वीं जयंती रविवार को सिंदरी के रोड़ा बांध में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने केक काटकर उनकी जयंती का उत्सव मनाया।

राम विलास पासवान के योगदान को किया गया याद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि सिंदरी खाद कारखाने के पुनर्जीवन में स्वर्गीय राम विलास पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से सिंदरी के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली और क्षेत्र में अन्य औद्योगिक परियोजनाओं के विकास का मार्ग भी प्रशस्त हुआ।

दूरसंचार और जनकल्याण में भूमिका पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश

भोला पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि राम विलास पासवान ने देश में दूरसंचार क्षेत्र के विस्तार में अहम योगदान दिया, जिसके कारण आज मोबाइल संचार आम लोगों तक पहुंच सका। वहीं जिला अध्यक्ष संजय पासवान ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन में हर मंत्रालय में उल्लेखनीय कार्य किए और हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी।

पार्टी सचिव रवींद्र प्रसाद ने कहा कि गरीबों के कल्याण और खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने में राम विलास पासवान का योगदान अविस्मरणीय है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) को प्रभावी बनाने में उनकी नीतियों की अहम भूमिका रही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

पतंजलि परिवार के उमाशंकर ने भी स्वर्गीय राम विलास पासवान के सामाजिक और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मदन प्रसाद, एस.के. सिंह, मिहिर मंडल, गणेश पासवान, राजन कुमार चंचल, बुधन राम, अशिम कुमार मंडल, सोनू कुमार ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि के साथ जनसेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प

जयंती समारोह में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राम विलास पासवान के व्यक्तित्व, संघर्ष और जनसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, NEWS ANP, सिंदरी.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *