धनबाद: सरस्वती विद्या मंदिर, सिनीडीह में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय जूडो एवं कुरास प्रतियोगिता में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 12 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ विद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता भी हासिल कर ली।
12 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
प्रतियोगिता का आयोजन 5 जुलाई को विद्या विकास समिति के तत्वावधान में किया गया। राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक जीते, जिनमें 12 स्वर्ण और 1 रजत पदक शामिल हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में दिवाकर कुमार शर्मा, प्रशांत हेंब्रम, काव्यांश कुमार, आर्गो बनर्जी, सौरव कुमार, मोहम्मद हमद, अमन कुमार, तेजस सिंह, मोहित कुमार ठाकुर, विष्णु कुमार सिंह, अनिकेत भारद्वाज और कोमल कुमारी शामिल हैं। वहीं अनमोल श्रीवास्तव ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी विजेता खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता प्राप्त की।
सफल आयोजन में कई अधिकारियों की रही भूमिका
प्रतियोगिता का संचालन विद्या विकास समिति के अधिकारी नीरज कुमार लाल, सुरेश मंडल, प्राचार्य रमाकांत राणा तथा खेल अधिकारी पप्पू कुमार के नेतृत्व में किया गया। धनबाद जूडो संघ के रेफरी सुदीप चक्रवर्ती, पलक परमा और अक्षय कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय समिति, प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा, उप-प्राचार्य मनोज कुमार, उप-प्राचार्या लील सिंह, प्रभारी कमल नयन, प्रतिमा चौबे तथा प्रार्थ सारथी सरकार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

