पुरी: भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिलायंस फाउंडेशन ने 15 से 27 जुलाई तक विशेष सेवा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सात्विक भोजन, सुरक्षित पेयजल, पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग और स्वच्छता संबंधी कई व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा रथयात्रा में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी भोजन और पेयजल की सुविधा
रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार अभियान के तहत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सात्विक भोजन और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, जो जरूरत पड़ने पर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेंगे।
90 पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग
फाउंडेशन ने लगभग 50 किलोमीटर लंबे प्रमुख यात्रा मार्ग पर बनाए गए करीब 90 पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग देने की पहल की है। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात लगभग 1,000 पुलिसकर्मियों को शिफ्ट के अनुसार पेयजल, ORS, हल्का जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए GIS आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाएगा।
अनंत अंबानी ने सेवा को बताया सौभाग्य
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि पुरी रथयात्रा करोड़ों लोगों की आस्था का पर्व है। श्रद्धालुओं, पुलिसकर्मियों और सेवा में जुटे प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना भगवान जगन्नाथ की सेवा का ही एक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
रिलायंस फाउंडेशन का कहना है कि इस सेवा अभियान का उद्देश्य करीब 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए रथयात्रा को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन एवं स्थानीय संस्थाओं का सहयोग करना है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

